Ticker

6/recent/ticker-posts

बक्सर में 386 करोड़ की बड़ी सड़क परियोजना शुरू, जनेश्वर मिश्र पुल सीधे जुड़ेगा फोरलेन-922 से

बक्सर में 386 करोड़ रुपये की लागत से नई सड़क परियोजना शुरू। जनेश्वर मिश्र पुल को फोरलेन-922 से जोड़ने के लिए 13 किमी सड़क बनेगी।

बक्सर में 386 करोड़ की बड़ी सड़क परियोजना शुरू, जनेश्वर मिश्र पुल सीधे जुड़ेगा फोरलेन-922 से
बक्सर में 386 करोड़ की बड़ी सड़क परियोजना शुरू, जनेश्वर मिश्र पुल सीधे जुड़ेगा फोरलेन-922 से

  • बिहार-यूपी कनेक्टिविटी को मिलेगा नया बूस्ट, 13 किमी लंबी सड़क बनेगी

बक्सर: बिहार और उत्तर प्रदेश के बीच सड़क संपर्क को मजबूत करने के लिए बड़ी इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजना पर काम तेज हो गया है। बक्सर जिले के ब्रह्मपुर से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के बयासी गांव तक गंगा नदी पर बने जनेश्वर मिश्र पुल को अब फोरलेन-922 से जोड़ा जाएगा।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत करीब 13 किलोमीटर लंबी नई सड़क बनाई जाएगी, जिसकी अनुमानित लागत 386.77 करोड़ रुपये तय की गई है। सड़क निर्माण का कार्य बिहार राज्य पुल निर्माण निगम, आरा की देखरेख में किया जाएगा।


701 खेसरा जमीन का होगा अधिग्रहण, किसानों को मिलेगा मुआवजा

परियोजना को पूरा करने के लिए बक्सर जिले के सिमरी, ब्रह्मपुर और चक्की अंचल के 11 मौजा की कुल 701 खेसरा जमीन अधिग्रहित की जाएगी। सड़क निर्माण एजेंसी ने भूमि चिह्नित कर ली है और अधिग्रहण प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

प्रशासन के अनुसार किसानों को वर्तमान सरकारी दर के अनुसार मुआवजा दिया जाएगा। इसके साथ ही प्रभावित लोगों के लिए कौशल विकास प्रशिक्षण और स्वरोजगार सहायता की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। मुआवजा भुगतान के लिए विशेष शिविर लगाए जाने की तैयारी है।


सड़क परियोजना में बनेंगे 9 पुल और पुलिया

नई सड़क ब्रह्मपुर प्रखंड के रामगढ़ गांव के पास फोरलेन-922 से शुरू होकर बलिया जिले के बयासी गांव तक पहुंचेगी। परियोजना के तहत बिहार सरकार 11 किलोमीटर और उत्तर प्रदेश सरकार 2 किलोमीटर सड़क का निर्माण कराएगी।

इस मार्ग पर कुल 9 छोटे-बड़े पुल और पुलियों का निर्माण भी प्रस्तावित है। गायघाट गांव के पास धर्मावती नदी पर बने पुराने जर्जर पुल को तोड़कर उसकी जगह नया आधुनिक पुल बनाया जाएगा।

इस सड़क के बन जाने से बिहार और पूर्वांचल के बीच आवागमन आसान होगा तथा यात्रा दूरी में भी कमी आएगी।


इन क्षेत्रों की जमीन होगी अधिग्रहित

सिमरी, ब्रह्मपुर और चक्की अंचल के कई गांवों की जमीन अधिग्रहण सूची में शामिल की गई है। इनमें रामगढ़, गायघाट, निमेज, गरहथा कला, महरौली और शिवपुर दीयर जनूबी चादर जैसे गांव प्रमुख हैं।


क्या बोले अधिकारी?

पुल निर्माण निगम, आरा के कनीय अभियंता अजीत कुमार ने बताया कि सड़क और पुल निर्माण के लिए मिट्टी जांच (Soil Test) का कार्य पूरा हो चुका है। जमीन अधिग्रहण प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है और संबंधित स्थलों पर प्लॉटिंग का कार्य जारी है।

➧ 👉 हमें Google में खोजने के लिए https://www.biharnewsprint.in/लिख कर सर्च करें | |