Ticker

6/recent/ticker-posts

बिहार शरीफ में बेकाबू भीड़ का बवाल: भोजपुरी स्टार काजल राघवानी की कार पर हमला, शीशे टूटे; एक्ट्रेस ने कहा- 'मैं सुरक्षित हूं'

नालंदा जिले के बिहार शरीफ में एक ज्वेलरी शोरूम के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान भोजपुरी अभिनेत्री काजल राघवानी की एक झलक पाने के लिए मौके पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। 


डिजिटल डेस्क। बिहार के नालंदा जिले के बिहार शरीफ में एक ज्वेलरी शोरूम के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान भारी अफरा-तफरी मच गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं लोकप्रिय भोजपुरी अभिनेत्री काजल राघवानी की एक झलक पाने के लिए मौके पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कुछ ही देर में स्थिति अनियंत्रित हो गई और बेकाबू भीड़ ने अभिनेत्री के काफिले की कार को घेरकर उस पर हमला कर दिया, जिससे वाहन का शीशा टूट गया।

कार का पीछा कर तोड़े शीशे जानकारी के अनुसार, शोरूम के बाहर प्रशंसकों का हुजूम जुटा हुआ था। कार्यक्रम खत्म होने के बाद जब काजल राघवानी वापस लौटने लगीं, तो सैकड़ों की संख्या में लोग उनकी कार के पीछे दौड़ने लगे। भीड़ इतनी हिंसक और बेकाबू हो गई कि लोगों ने अभिनेत्री की समझकर टोयोटा फॉर्च्यूनर कार पर पथराव और हमला कर दिया, जिससे गाड़ी की खिड़की का शीशा चकनाचूर हो गया। सुरक्षा गार्ड्स और स्थानीय लोगों ने किसी तरह कार को भीड़ के चंगुल से बाहर निकाला।

एक्ट्रेस ने वीडियो जारी कर दी अपनी कुशलता की जानकारी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें लोग तेज रफ्तार से निकलती गाड़ी के पीछे भागते और उपद्रव करते दिखाई दे रहे हैं। घटना के कुछ ही समय बाद काजल राघवानी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश जारी कर अपने प्रशंसकों को आश्वस्त किया। उन्होंने बताया कि वह पूरी तरह सुरक्षित और ठीक हैं, हालांकि इस अप्रत्याशित और हिंसक घटना से वह काफी हैरान हैं। पुलिस प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेकर वीडियो फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की पहचान शुरू कर दी है।